बाल और त्वचा की देखभाल के लिए आजमाएं ये अचूक आयुर्वेदिक नुस्खे
6 minuteRead
बाल और त्वचा भला किसे सेहतमंद नहीं चाहिए होती है। ऊपर से जब मौसम बारिश का हो तब तो बालों और त्वचा का खास ख्याल रखना पड़ता है। मौसम के अनुसार हमारे बाल और हमारी त्वचा अलग-अलग तरह की केयर मांगने लगते हैं। हालांकि, कई बार हमारे लाख प्रयास करने के बाद भी हेयर और स्किन अच्छी सेहत में नहीं रह पाते हैं।
क्या आप जानते हैं कि इसका कारण क्या है? इसका कारण है केमिकल से भरे प्रोडक्ट से ये उम्मीद रखना कि वो आपके बालों और त्वचा की सेहत अच्छी बनाएंगे। पार्लर में की जाने वाली महंगी से महंगी ट्रीटमेंट और दुकानों पर मिलने वाले महंगे से महंगे प्रोडक्ट, वो नहीं कर सकते जो प्राकृतिक चीज़ें कर सकती हैं। लेकिन, अक्सर हम प्राकृतिक चीज़ों के असर को समझ नहीं पाते।
बालों में डैंड्रफ हो, बाल ड्राई हो या फिर लगातार झड़ रहें हों, प्राकृतिक यानी आयुर्वेदिक चीज़ें आसानी से इनका इलाज कर सकती है। यही नहीं बल्कि स्किन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का निवारण भी आयुर्वेदिक नुस्खों में छिपा हुआ है। अगर आप भी इन नुस्खों से अनजान हैं तो आज हम आपको बताएंगे कि कैसे आयुर्वेदिक नुस्खे आपके बालों और आपकी त्वचा का बेहतर ख्याल रख सकते हैं।
बालों के लिए कमाल के आयुर्वेदिक नुस्खे
बालों के लिए तेल: आयुर्वेद के अनुसार सकैल्प पर तेल की मसाज करना बहुत ज़रूरी है। बालों में नियमित रूप से तेल की मसाज करने से सकैल्प की सेहत अच्छी होती है, जिससे बालों की समस्याओं से छुटकारा मिलता है और बाल मजबूत बनते हैं। बालों की मसाज के लिए नारियल तेल सबसे अच्छा माना जाता है
आयुर्वेदिक उपचार: बालों की सेहत बरकरार रखने के लिए आप कई आयुर्वेदिक उपचार भी अपना सकते हैं। नस्य, बस्ती, शिरोधारा, शिरो लेपा, कुछ आयुर्वेदिक उपचार हैं, जिनकी मदद से आप बालों की देखभाल कर सकते हैं। इन उपचारों की जानकारी आपको आसानी से नेट पर मिल जाएगी।
बालों में लगाएं दही: आयुर्वेद प्राकृतिक चीज़ों पर आधारित है। ये प्राकृतिक चीज़ें आपके घर में हमेशा ही उपलब्ध होती हैं। इनमें एक है दही। दही आपके बालों की आधी समस्या जादुई रूप से खत्म कर सकती है। बालों में डैंड्रफ हो, बाल रूखे हों, उलझते हों, झड़ते हों तो हफ्ते में दो बार बालों में दही लगाएं। दही खट्टी हो तो असर दोगुना होगा। दही बालों को मुलायम बनाती है, सकैल्प को साफ रखकर बालों का झड़ना रोकती है।
बाल की सफाई का खास ध्यान रखें: बाल जितने साफ रहेंगे, बालों से जुड़ी परेशानी उतनी कम होगी। इसलिए बालों की सफाई पर ध्यान दें। हफ्ते में दो बार बालों में शैंपू करें। शैंपू करने से 3-4 घंटे पहले बालों में तेल की मसाज करें। महीने में दो बार दही का पैक को बालों पर ज़रूर लगाएं। अगर आपको मेहंदी लगाना पसंद है तो आप मेहंदी में दही मिलाकर लगा सकते हैं। इससे दो चीजों का फायदा एक साथ मिलेगा।
आयुर्वेद के अनुसार डाइट लें: आयुर्वेद सात्विक खाने पर ध्यान देता है। खाने में प्रोटीन ज़रूर शामिल करें। ताज़े फल, हरी सब्जी को खाने में ज़रूर शामिल करें। विटामिन-सी से भरपूर फलों को ज़रूर खाएं। पैकेट बंद खाने और फास्ट-फूड से दूर रहें।
स्किन के लिए अचूक आयुर्वेदिक नुस्खे
खाने के गलत मेल से बचें: अक्सर हमारा चेहरा वैसा ही दिखता है, जैसी हमारे पेट की हालत होती है। मीट या मछली के साथ दूध, फलों के साथ दूध, घी के साथ शहद, खाने के बाद कोल्ड-ड्रिंक या आइसक्रीम, शरीर के लिए ज़हर की तरह काम करती है। आयुर्वेद के अनुसार ये सारी चीज़ें एक साथ नहीं खाई जानी चाहिए। ये पेट में एसिड बनाती हैं और फिर इसका असर हमारे चेहरे पर दिखता है।
पर्याप्त नींद से ज़रूरी कुछ भी नहीं: 7 से 8 घंटे की नींद इंसान के लिए बहुत ही ज़रूरी है। आज की दिनचर्या में लोग सबसे ज़्यादा नींद का त्याग ही करते हैं। याद रखें, नींद समय की बर्बादी नहीं है बल्कि सीधे तौर पर आपके स्वास्थ्य से जुड़ी है। अच्छी नींद आपकी स्किन को चमकदार बनाती है।
पानी युक्त फलों को चुनें: ज़्यादतर ऐसे फल खाएं जिसमें पानी की मात्रा और विटामिन-सी ज़्यादा हो। पानी शरीर को ठंडा रखता है और विटामिन-सी स्किन में ग्लो लेकर आती है।
योग और प्राणायाम की लें मदद: योग और प्राणायाम शरीर के लिए विभिन्न रूप से काम करते हैं। ये शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ स्किन को भी निखारते हैं।
प्राकृतिक पैक से चमकेगा चेहरा: खीरा, पपीता, संतरे के छिलके, बेसन, गुलाब जल, एलोवेरा, हल्दी जैसी प्राकृतिक चीज़ें चेहरे को निखारने के लिए काफी हैं। आप अपने पसंद की चीज़ों को मिलाकर पैक बना सकते हैं और चेहरे पर लगा सकते हैं। किसी भी पैक को 15 से 10 मिनट रखकर चेहरा धो लें। हफ्ते में एक बार किसी भी पैक को आप लगा सकते हैं।
सारांश
बालों और त्वचा की देखभाल के लिए आयुर्वेदिक नुस्खे आपके काम आ सकते हैं। आयुर्वेद पूरी तरह से प्राकृतिक चीज़ों पर आधारित होता है। पर्याप्त नींद, सही डाइट, योग जैसी कई चीज़ों से आयुर्वेद आपके बालों और त्वचा को बेहतर बना सकता है।
Write, Record and Answer! Consume Unlimited Content! All you need to do is sign in and its absolutely free!
Continue with one click!!By signing up, you agree to our Terms and Conditions and Privacy Policy.